Saturday, November 30, 2013

मुख्यमंत्री की प्रदेशवासियों से अपील

विकास और गुड-गवर्नेंस के नाम पर कांग्रेस को अपना मत एवं समर्थन दें।
राजस्थान के मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने विधानसभा चुनाव की पूर्व संध्या पर प्रदेशवासियों से अपील की है कि हमारी कांग्रेस सरकार द्वारा पांच साल में किए गए विकास कार्यों और गुड-गवर्नेंस को देखते हुए कांग्रेस के पक्ष में अधिकाधिक मतदान कर अपना आर्शीवाद और सहयोग प्रदान करें।
मुख्यमंत्री ने आज जारी अपने बयान में कहा कि हमने संवेदनशील, पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन देने का प्रयास किया है। पांच साल में हमने शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी और सड़कों के विकास के साथ सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में निशुल्क चिकित्सा, निशुल्क जांच, निशुल्क पशु चिकित्सा, पेंशन और गरीबों को आवास सुविधा उपलब्ध कराने के ऐतिहासिक क़दम उठाए हैं। लेकिन विपक्ष ने दवा को ज़हर और पेंशन को रेवड़ियां बताने के साथ बौखलाहट में अपने अनर्गल आरोपों से आम जन को भ्रमित करने का प्रयास किया है। उनकी स्थिति अब ऐसी हो गई है कि ना उनसे उगलते बन रहा है और ना ही निगलते।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने तो बार-बार कहा है कि प्रदेशवासी भाजपा के पांच साल के शासन की तुलना हमारे पांच साल के शासन से कर लें और खुद ही फैसला करें कि किसने क्या किया ? इससे अपने आप दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।
अतः मैं प्रदेशवासियों से अपील करना चाहूंगा कि हमारे विकास के कामों और गुड-गवर्नेंस को देखते हुए चुनाव मतदान के इस महापर्व पर अपना मत एवं समर्थन कांग्रेस को दें। मैं विश्वास दिलाता हूं कि कांग्रेस आपके आर्शीवाद और सहयोग से फिर से सरकार में आकर विकास की वर्तमान योजनाओं और सामाजिक सुरक्षा की योजनाओं को और मजबूती से लागू कर राजस्थान को प्रगति के रास्ते पर आगे बढ़ाएगी और आम जन को अधिक से अधिक राहत पहुंचाने का काम करेगी।

- - - 

No comments:

Post a Comment