Wednesday, October 23, 2013

माननीय श्री अशोक गहलोत, मुख्यमंत्री का चूरू में राहुल गांधी के आगमन पर भाषण - दिनांक 23.10.2013

माननीय श्री अशोक गहलोत, मुख्यमंत्री
स्थान : चूरू में राहुल गांधी के आगमन पर भाषण
दिनांक  :  23-10-2013
- - -
सम्माननीय कांग्रेस के उपाध्यक्ष श्री राहुल गांधीजी, हमारे प्रभारी महामंत्री गुरूदास कामत जी, हमारे प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ0 चन्द्रभान जी, हमारे वरिष्ठ नेता आदरणीय ओला साहब, ए आई सी सी के सचिव एवं सांसद तंवर जी, यहां उपस्थित बुढ़ानिया जी, अश्क अली जी, हरीश चौधरी जी, ज्योति मिर्धाजी, हमारे वरिष्ठ नेता आदरणीय नारायण सिंहजी, सांसद बद्रीराम जी जाखड़ साहब, महादेव सिंह खण्डेला साहब, आपके स्थानीय विधायक हाजी मकबूल मण्डेलिया जी, यहां उपस्थित  हमारे तमाम विधायकगण, अन्य हमारे जन प्रतिनिधिगण, उपस्थित बुजुर्गों, भाइयों और बहनो, नौजवान साथियों।
मैं सबसे पहले अपनी ओर से, आप सबकी ओर से और पूरे प्रदेशवासियों की ओर से हमारे नेता, जो कांग्रेस उपाध्यक्ष हैं, राहुल गांधी का मैं हार्दिक स्वागत करता हूं। मुझे खुशी है राहुल गांधीजी को जब-जब हमने याद किया, वे आपके बीच में बराबर आते रहे हैं। जिस रूप में इनका लगाव राजीव गांधीजी की तरह ही राजस्थान से बना है, वह आपके सामने है। चाहे चिन्तन शिविर हो, चाहे बीकानेर में, जयपुर में कार्यकर्ताओं की मीटिंग की बात हो, चाहे सलूम्बर में या बारां के अंदर पब्लिक मीटिंग की बात हो, आज फिर आपके चूरू जिले में ये आये हैं। लाखों की तादाद में जिस रूप में लोग उमड़ पड़े हैं, वह इस बात का प्रतीक है कि किस प्रकार राहुल गांधी का स्नेह, उनका आपके प्रति, राजस्थानवासियों के प्रति विश्वास, उनका बार-बार यहां पर आना और आपके द्वारा उनका स्वागत करना, सत्कार करना, बुजुर्गों द्वारा आशीर्वाद देना, मैं समझता हूं यह रिश्ता आगे भी कायम रहेगा, यह मैं आपको कहना चाहता हूं।
राहुल गांधी नई सोच के व्यक्तित्व के धनी हैं। वह चाहते हैं इस मुल्क के अंदर बदलाव हो, युवाओं के अंदर नई सोच पैदा हो। आने वाले वक्त के लिये युवा अपने आपको तैयार करें देश के विकास के लिये। जैसा राजीव गांधीजी ने कहा था मुझे मुल्क को 21वीं सदी में ले जाना है, उसी प्रकार राहुल गांधी चाहते हैं कि इस मुल्क का बदलाव इस रूप में हो, एक क्रान्ति के रूप में हो, जिसमें आम नागरिक का ध्यान रखा जाये, गरीबों का ध्यान रखा जाये, विकास और इन्फ्रास्ट्रक्चर बने जिससे कि हमारा मुल्क आगे बढ़़े। और यही सोच बार-बार जब कभी वे जाते हैं देश के कोने-कोने में, तो आम आदमी की बात करते हैं, गरीब की बात करते हैं। कांग्रेस नेताओं को कहते हैं आपको आम आदमी के पास में जाना चाहिये। इस रूप में वह कांग्रेस संगठन को मजबूत करने में लगे हुए हैं। इस रूप में वह चाहते हैं कि बदलाव हो। वह चाहते हैं कि कांग्रेस की महान नीतियां, कार्यक्रम और सिद्धान्त हैं, महात्मा गांधी के जमाने में, पंडित नेहरू के जमाने में, मौलाना अबुल कलाम आजाद के जमाने में, सरदार पटेल के जमाने में, वही सिद्धान्त, नीतियां और कार्यक्रम लेकर यह तिरंगा झण्डा, जिसको लेकर आप बैठे हुए हो, वह आगे बढ़ता रहे।
मैं विश्वास दिलाऊंगा राहुल जी को, इस मुबारक मौके पर मैं लम्बी बात नहीं करना चाहूंगा, क्योंकि राहुल जी आपके सामने अपनी बात कहेंगे। मैं इनको विश्वास दिलाऊंगा कि पिछले पांच साल में जितना संभव हुआ, हमने वित्तीय प्रबन्धन शानदार किया है। इसलिये हम लोग 40 हजार 500 करोड़ का बजट पेश करने के अंदर सक्षम हुए। शानदार पानी की योजनाएं, बिजली के उत्पादन की योजनाएं हों, सड़कों का जाल बिछाने की बात हो, शिक्षा की बात हो, स्वास्थ्य सेवाओं की बात हो, सरकार ने कोई कमी नहीं रखी है। सोशल सिक्योरिटी में आज पूरे देश में राजस्थान सिरमौर बन चुका है। यह तमाम बातें आपकी जानकारी के अंदर हैं। चूरू के अंदर भी विशेषकर पानी की बात हो, रतनगढ़-सुजानगढ़ पेयजल योजना की 71 करोड़ की बात हो, 413 गांव  और 6 शहर आई जी एन पी से जुड़ेंगे। मुझे खुशी है यहां सीकर के भी, झुन्झुनूं के भी, गंगानगर के, बीकानेर के, हनुमानगढ़ के लोग आये हुए हैं। सीकर-झुन्झुनूं की पेयजल योजना 832 करोड़ की वह लागू की है। सीकर-झुन्झुनू-खेतड़ी की योजना 165 करोड़ की लागू की है, तो हर क्षेत्र में राजस्थान कहीं न कहीं विकास कर रहा  है।
आगे मैं कहना चाहूंगा चुनाव का वक्त है, चुनाव का बिगुल बज चुका है।  आज आने का मकसद ही यही है एक संकल्प लेकर जाना है आपको राहुल गांधी के संदेश को आत्मसात करते हुए कि कैसे आने वाले वक्त के अंदर कांग्रेस के जो प्रोग्राम बने हैं, फैसले हुए हैं, उनको जन-जन तक पहुंचायें। उसका लाभ आम लोगों तक सुनिश्चित करें और सोनिया गांधीजी का जो संदेश है, डॉ0 मनमोहन सिंहजी का और अधिकार देने के युग की जो शुरूआत हुई है इस देश के अंदर, फ्लेगशिप प्रोग्राम बनाये हैं केन्द्र में, राज्य में, यह तमाम बातें हम कांग्रेस संदेश यात्रा में कह चुके हैं। मैं इस मौके पर रिपीट नहीं करना चाहूंगा, आप सब जानते हैं उन तमाम योजनाओं का लाभ मिले और सुशासन का यह संदेश जाये। संवेदनशील, पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन का संदेश जाये और उसी रूप में आपको शासन जो मिला है, आगे सरकार पुनः बनायें। यह जो विपक्षी पार्टियां हैं, जिस रूप में गुमराह कह रही हैं, अफवाहें फैला  रही  हैं, उससे लोगों को सावधान करें। अगली सरकार बनायेंगे और जल्दी प्रोग्राम दिये जायेंगे और जो प्रोग्राम दिये गये हैं, फैसले हुए हैं और मजबूत किये जायेंगे, यह विश्वास मैं आपको दिलाना चाहता हूं।
इसलिये मैं लम्बी बात नहीं कहता हुआ पुनः अपनी ओर से, आप सबकी ओर से, पूरे प्रदेशवासियों की ओर से राहुल गांधीजी का मैं हार्दिक स्वागत करता हूं। धन्यवाद। जय हिन्द।

- - -

No comments:

Post a Comment