Wednesday, October 23, 2013

माननीय श्री अशोक गहलोत, मुख्यमंत्री का भाषण - स्थान : खेड़ली (अलवर) - दिनांक : 23-10-2013

सम्माननीय कांग्रेस के उपाध्यक्ष श्री राहुल गांधीजी, हमारे प्रभारी महामंत्री गुरूदास कामत जी, हमारे प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ0 चन्द्रभान जी, हमारे भंवर जितेन्द्र सिंहजी, नमोनारायण जी मीणा साहब, लालचन्द कटारिया जी, सचिन पायलट जी, यहां उपस्थित विश्वेन्द्र सिंहजी, हमारे वरिष्ठ नेता सांसद रतन  सिंहजी  जी, मिर्जा बेग साहब, दीपेन्द्र हुड्डा जी, जुबेर खान साहब, रमेश खींची जी, अन्य तमाम उपस्थित हमारे वरिष्ठ नेतागण, यहां उपस्थित बुजुर्गों, भाइयों और बहनों, नौजवान दोस्तों।
सबसे पहले मैं अपनी ओर से, आप सबकी ओर से पूरे प्रदेशवासियों की ओर से राहुल जी का आपके खेड़ली नगर में हार्दिक स्वागत करता हूं और आपको मैं धन्यवाद देना चाहता हूं कि जो सैलाब उमड़ा हुआ है यहां पर। हैलीपेड पर लाखों की संख्या में लोग, जिस रूप में आप यहां पर बैठे हुए हैं, बाहर खड़े हैं, कोई सोच नहीं सकता इस कस्बे के अंदर आज पूरा डांग का क्षेत्र, मेवात का क्षेत्र जिस रूप में राहुल गांधी जी का स्वागत करने आये हैं, यह अपने आप में एक बहुत बड़ा संदेश है और वह संदेश है प्रेम का, मोहब्बत का, भाईचारे का, शांति का और सद्भावना का, जिसकी आज बहुत जरूरत है पूरे संभाग के अंदर, और आपको याद होगा आपके आशीर्वाद से जो मेरी सरकार बनी, जब मैं मुख्य मंत्री बना तो मैंने पहला काम यही किया था कैसे हमारे गुर्जर-मीणा समाज के लोग नजदीक आयें, आपस में हमने मीटिंगें करवाईं, भाईचारा करवाया। शांति मार्च कराया और यह प्रयास किया किस प्रकार से एक नई शुरूआत हो।
मेरा मानना है कि किसी परिवार में आपस के अंदर झगड़े होते हैं, विकास नहीं हो सकता है। कोई गांव में झगड़े हैं, विकास रूक जाता है। वही  बात लागू होती है क्षेत्र विशेष के लिये, प्रदेश के लिये, देश के लिये। मुझे खुशी है हमने प्रयास किया किस प्रकार से हमने एस.बी.सी. को आरक्षण मिले। हमारे गवर्नर साहब थे, हमने प्रयास करके साइन करवाये उस बिल पर, जो असंभव था। और मुझे खुशी है उन्होंने  गुर्जर समाज हो, चाहे बंजारा हो, चाहे गाड़िया लुहार हो, ढोली समाज हो, उन सबकी भावनाओं की कद्र करते हुए उन्होंने हस्ताक्षर किये, कानून बना। हाई कोर्ट में कुछ स्टे हो गया। हमें इस बात की तकलीफ है। हम चाहते हैं कि जल्दी से जल्दी इसका निपटारा हो और हमारे एस.बी.सी. के भाइयों को उसका पूरा न्याय मिले।
मैं आपको इस मुबारक मौके पर कहना चाहूंगा हजारों की तादाद में जिस रूप में आप राहुल जी का स्वागत करने के लिये खड़े हैं, यह आपका प्रेम है, यह आपका प्यार है राहुल के प्रति दर्शाता है। मैं आपको इस मौके पर विश्वास दिलाऊंगा डांग का क्षेत्र हो, मेवात का हो, जहां पिछड़ापन है, वहां के लिये कैसे नई नई योजनाएं बनें, आज यूपीए गवर्नमेंट हो उसके माध्यम से, चाहे एन.सी.आर. के माध्यम से, अभी जितेन्द्र सिंह जी कह रहे थे आपको मेट्रो का आना अलवर के अंदर, मेडिकल कालेज का आना, विश्वविद्यालय का आना, भरतपुर हो चाहे अलवर के अंदर हो, राजस्थान में जिस रूप में विकास हो रहा है। पानी की योजना चम्बल की आपके भरतपुर में, अब डीग-कुम्हेर तक आयेगी। चम्बल का पानी आपके अलवर तक पहुंचे। यह तमाम बड़ी बड़ी योजनाएं नागौर की हो, चाहे बाड़मेर की हो, चाहे वह भीलवाड़ा की हो, बड़ी-बड़ी योजनाएं हाथ में ली गयी हैं। इस प्रकार से पानी की योजनाएं, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं हों, सोशल सिक्योरिटी हो, उसमें सरकार ने कोई कमी नहीं रखी है।
मैं आपको इस मुबारक मौके पर कहना चाहूंगा और आपको विश्वास दिलाना चाहूंगा यह जो विपक्षी पार्टियां हैं गुमराह करेंगी, झूठे वादे करेंगे। पहले झूठे वादे किये उसके कारण से आपको मालूम है कि पिछली बार उनकी सरकार बन गयी उसमें 21 बार फायरिंग हुई, 90 लोग मारे गये, उनमें 70 गुर्जर मारे गये थे। हमारे वक्त में भी आन्दोलन हुए। गुर्जर समाज के लोग पटरियों पर बैठे, हमने समझाइश की, प्यार-मोहब्बत से बात की। कर्नल बैंसला जी को बुलाया हो, हमारे मंत्री जितेन्द्र सिंहजी को भेजा हो, मुझे खुशी है फायरिंग तो बात छोड़ो, पुलिस का लाठीचार्ज तक नहीं होने दिया, यह मैं आपको कहना चाहूंगा। इसलिये मैं आपको कहना चाहूंगा सच्चाई को स्वीकार करना चाहिये। कुछ लोग नहीं चाहते कि शांति और सद्भाव बना रहे। उन ताकतों को पहचानो चाहे वह साम्प्रदायिक ताकतें हों, जातिवादी ताकतें हों, उनको हमें पहचानना पड़ेगा। विश्वास है कि जो हमने योजनाएं शुरू की हैं सबके लिये योजना, आप लोग सरकार वापस बनाओ, आप देखेंगे कि तमाम योजनाएं और मजबूत होंगी, विकास तेज गति से होगा। यह मैं आपको यकीन दिलाऊंगा। यही बात कहता हुआ मैं अपनी बात समाप्त करता हूं। आप लोग लाखों की तादाद में पधारे, उसके लिये आपका शुक्रिया, धन्यवाद और जय हिन्द आपका।
- - -

No comments:

Post a Comment