v
वसुन्धरा की यात्रा अहम, घमंड और प्रदेश को बर्बाद करने की यात्रा
v
बजट की घोषणाओं को पूरा कर रहे हैं ,चुनावों में योजना बनाई हो तो लगाएं आरोप
नोखा, कोलायत, 7 जुलाई। मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने बीकानेर संभाग में
कांग्रेस संदेश यात्रा में कहा कि भाजपा और उनकी प्रदेश अध्यक्ष वसुन्धरा राजे
जनता को झूठ बोलकर गुमराह करने की कोशिश कर रही है। लोकतंत्र में कामों की तुलना
होती है। वसुन्धरा को चाहिए कि वे कामों पर बहस करें। खुद की सरकार के पांच साल के
पांच काम तो जनता को बताएं। लेकिन ऐसा नहीं करेंगी क्यों कि उनके पास बताने को कुछ
है ही नहीं। जनता अगर उनसे ये पूछेगी तो उनकी पोल खुल जाएगी।
मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने
यहां कांग्रेस संदेश यात्रा के 11वें चरण के दूसरे और अंतिम दिन
नोखा और कोलायत में हुई विशाल जनसभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार बजट की
योजनाओं को पूरा कर रही है तो भी उन्हें तकलीफ हो रही है। अगर पूरी नहीं करते तो
ये लोग आरोप लगाते, हमसे जनता पूछती कि आपने घोषणाओं
को पूरा क्यों नहीं किया। अब कर दिया तो इन्हें भाजपा और उनकी अध्यक्ष वसुन्धरा
राजे जनता को गुमराह करने के लिए कह रही हैं कि ये चुनाव में रेवडयां बांट रहे
हैं। हमारा फर्ज था कि बजट की घोषणाओं को पूरा करें। क्या बजट घोषणाओं को लागू
करना हमारा जुर्म है ? चुनावों में कोई लालच के लिए
योजना बनाई हो तो आरोप लगाते। आपस में एक दूसरे के शासन की तुलना करना लोकतंत्र
में फर्ज होता है। ये अपने पांच साल के कामों की तुलना हमारी सरकार के कामों से
करें और बहस करें। वसुन्धरा जनता को अपने पांच साल के पांच काम तो बता दे, इनकी पोल खुल
जाएगी। जनता इनसे पूछ लेगी तो भी इनकी पोल खुल जाएगी। हमारी सरकार के बजट घोषणाओं
के जनता के कामों को रेवडियां कह रहे हैं जिसकी में निंदा करता हूं, यह कहना जुर्म
जैसा है। सरकार जनता की ट्रस्टी होती है। मुख्यमंत्री और सरकार जनता की मुनीम होती
है। लेकिन इनकी सरकार थी तो क्या नहीं हुआ। जनता को इनकी सत्ता का अनुभव बडा ही
कटु रहा है। भ्रष्टाचार के रिकॉर्ड बनाए। लोगों को गोलियों से मारा। लोकतंत्र
प्यार और मोहब्बत से चलता है लेकिन वसुन्धरा ने अहम और घमंड में राज किया। अब
यात्रा निकाल रहे है, इनकी यात्रा सुराज नहीं कुराज
यात्रा है। अहम, घमंड और प्रदेश को बर्बाद करने की
यात्रा है। हमने हमारी सरकार के साढे चार साल में क्या नहीं किया। गरीब, किसान, दलित, अल्पसंख्यक, बुजुर्ग, बीमार, महिलाओं सहित
किसी वर्ग को योजनाओं से अछूता नहीं छोडा। इतिहास का सबसे बडा चालीस हजार करोड का
बजट बनाया। प्रदेश का तेज गति से विकास हो रहा है और कामों का लोहा देश मान रहा
है। कांग्रेस के विचार, सिद्धान्त और कार्यक्रम जनता के
सामने हैं। उन्होंने आमजन से आगामी चुनावों में कांग्रेस को वोट देने की अपील करते
हुए कहा कि सरकार जनता के राहत कामों और किए गए वायदों को पूरा करने का काम को
लगातार जारी रखेगी।
धार्मिक होने का
दिखावा करती हैं वसुन्धरा :
वसुन्धरा राजे धार्मिक होने का
दिखावा करती है। बद्रीनाथ और केदारनाथ में आपदा आई तो फिर क्यों नहीं एक दिन भी
वहां गई। हमने हमारी संदेश यात्रा स्थगित की और मैं खुद वहां प्रभावितों की मदद के
लिए खडा रहा। वसुन्धरा का फर्ज था, वहां जाती और प्रभावितों को
संभालती। ऐसे ही जोधपुर में चामुंडा मंदिर में भगदड हुई तो 216 लोग मर गए और ये वहां जाने की जगह हैलिकॉप्टर से उड कर त्रिपुरा
सुंदरी चली गई। गुर्जरों पर गोलियां चली तब भी दिल्ली बैठी रही। जनता इनके इस
दिखावे को समझ चुकी है।
मोदी की हुई थू-थू :
मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने
गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी पर भी उत्तराखंड आपदा को लेकर उठाए गए कदम को
झूठा प्रचार का हथकंडा करार देते हुए कहा कि वे केवल दो-चार घंटे के लिए वहां गए
और झूठा प्रचार कर दिया कि पन्द्रह हजार गुजरातियों को उन्होंने बचा लिया। इतनी सी
देर में आखिर वो कैसे इतने गुजरातियों को ले आए। अब इनके खुद के वरिष्ठ नेता मोदी
का खंडन कर रहे हैं। मोदी की देश भर में अब थू-थू हो रही है।
भाजपा बिना सिद्धान्त
की पार्टी, आडवाणी खुद कह चुके
हैं : चन्द्रभान
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डॉ. चन्द्रभान
ने भाजपा पर प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस विचारों, नीतियों और
सिद्धान्तों की पार्टी है। भाजपा के पास कोई विचार, सिद्धान्त और
नीतियां नहीं है। भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी खुद इस बात को कह चुके
हैं। भाजपाईयों को केवल अफवाह फैलाना और झूठ बोलना सिखाया जाता है। इनकी पार्टी
चंदा इकट्ठा करने में माहिर है। पहले राम मंदिर के नाम पर चंदा इकट्ठा कर लिया, जिसका आज तक
कोई हिसाब किताब नहीं दिया। पता नहीं उस पैसे का क्या किया। अब उत्तराखंड के नाम
पर चंदा इकट्ठा करने का ढोंग किया जा रहा है। जनता के कामों से लेना देना नहीं है।
जनता की चिंता होती तो भाजपा अध्यक्ष वसुन्धरा राजे उत्तराखंड जरूर जाती, लेकिन इन्हें
केवल सत्ता से मतलब है। सरकार काम कर रही हैं, तो उनकी
योजनाओं पर कोर्ट में जाकर याचिका दायर कर रूकवाने का षडयंत्र करवाती हैं। लेकिन
सरकार थमेगी नहीं, जनता के हर किए गए वायदे और
घोषित योजनाओं को पूरा करेगी। कांग्रेस संदेश यात्रा में कांग्रेस के प्रदेश
सहप्रभारी मिर्जा इरशाद बैग, पूर्व मंत्री डॉ. बी.डी.कल्ला, ऊर्जा मंत्री
डॉ.जितेन्द्र सिंह, क्षेत्रीय विधायक एवं अन्य नेता भी मौजूद थे।
- - -
No comments:
Post a Comment