Saturday, July 6, 2013

वसुन्धरा संवेदनहीन, जनता के दुख-दर्द में मदद को भी आगे नहीं आई - गहलोत

v     एक दिन उत्तराखंड में प्रदेश के लोगों की मदद को नहीं गई
v     चौपड पर जाकर कुछ देर चंदा मांगा और दुखद आपदा पर राजनीति करती रही
v     मुख्यमंत्री थी तो गुर्जरों पर फायरिंग और चामुंडा मंदिर हादसे के बाद भी समय पर नहीं पहुंची

श्रीडूंगरगढ, लूणकरणसर, खाजूवाला, 6 जून। मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने उत्तराखंड आपदा की दुखद घटना पर भाजपा और उनकी प्रदेश अध्यक्ष वसुन्धरा राजे की ओर से दिए जा रहे बयानों पर बरसते हुए कहा है कि ये केवल घडियाली आंसू बहाना ही जानते हैं। इन्हें जनता के दुख दर्द से कोई मतलब नहीं हैं। उत्तराखंड में इतनी बडी त्रासदी हो गई, लेकिन शर्म की बात है कि वसुन्धरा और उनका कोई प्रदेश से बडा नेता वहां हमारे प्रदेश के लोगों की मदद को नहीं गया। अफसोस केवल राजनीति करने में लगे हैं।

श्री गहलोत ने श्रीडूंगरगढ, लूणकरणसर और खाजूवाला में कांग्रेस संदेश यात्रा के 11वें चरण के दौरान आयोजित विशाल जनसभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तराखंड में इतनी बडी घटना हो गई। राजस्थान के 494 लोग अब भी लापता हैं। उनके परिजन ही समझ सकते हैं कि उन पर क्या बीत रही होगी। मैं खुद वहां आपदा के बाद तुरंत गया और चार दिन तक वहां रहा। प्रदेश सरकार के मंत्री, अधिकारी गये। राहत और मदद में कोई कसर नहीं छोडी। अभी भी प्रदेश की कई टीमें वहां राहत कार्यों में लगी है। लेकिन शर्म की बात हैं कि वसुन्धरा राजे खुद एक दिन भी वहां नहीं गई। केवल चार लोगों को भेज कर औपचारिकता कर ली और एक दिन जयपुर में चौपड पर जाकर चंदा मांगकर राजनीति कर ली। प्रदेश के लोग तो देश में किसी भी संकट के समय सबसे आगे रहते हैं। सरकार अपनी तरफ से कोई कोर कसर वहां राहत में नहीं छोड रही है। जनता तो खुद ही सरकार को रोज मदद के लिए पैसा दे रही है। अब तक 35 से 40 करोड रुपए जनता दे चुकी है। लेकिन ये ऐसी बडी दुखद घटना पर भी राजनीति कर रहे हैं। इनकी फितरत केवल घडियाली आंसू बहाने की रही है।  इनकी पूर्व में सरकार रही तो गुर्जरों पर फायरिंग होती रहीं और इनकी मुख्यमंत्री रही वसुन्धरा राजे दिल्ली में बैठी रही, कहती रही कि हैलिकॉप्टर नहीं है, इसलिए नहीं आ सकती। प्रदेश में इतनी बडी घटना हो गई, दिल्ली से जयपुर का सडक मार्ग से केवल चार घंटे का रास्ता है, लेकिन नहीं आई।  चामुंडा मंदिर में घटना हुई। इतने पुरूष, महिलाएं, बच्चे मर गए। मैं तुरंत वहां जाने के लिए निकल गया। लेकिन उसी दिन सुबह वसुन्धरा वहां जाकर लोगों को ढांढस बंधाने की जगह हैलिकॉप्टर से त्रिपुरा सुंदरी मंदिर के दर्शन को चली गई। क्या कोई मुख्यमंत्री रहते इतना संवेदनहीन हो सकता है, कोई सोच भी नहीं सकता है। अब किस मुंह से जनता के बीच जा रही हैं। गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी केवल दो घंटे के लिए उत्तराखंड गए और लोगों के दर्द को समझने और बचाने की जगह केवल अपनी मार्केटिंग में लगे रहे। विज्ञापनों पर 500 से 1000 करोड रुपए खर्च कर दिए। हमारी आत्मा इसके लिए कतई अनुमति नहीं देती है। हम जनता के पैसे को केवल उसके फायदे के लिए ही खर्च करना चाहते हैं।

हमारे बिजली उत्पादन से चलाया काम
मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने कहा कि वे केवल बडी-बडी बाते करते हैं। हमने पिछले पांच साल में 1750 मेगावाट बिजली पैदा की। इस बार किसानों से बिजली की दरें नहीं बढाने का वायदा किया था, एक पैसा नहीं बढाया। बिजली की पूरी आपूर्ति के लिए सरकार ने 13 हजार करोड की बिजली खरीदी ताकि किसानों, उद्योगों और किसी को भी परेशानी न हो। खुद ने कुछ किया नहीं। हमारी पिछली सरकार में उत्पादित बिजली से काम चलाया। हम जनता को पूरी बिजली देने के लिए काम करने में लगे हैं। अब तक सरकार में पांच हजार मेगावाट से भी ज्यादा बिजली का उत्पादन साढे चार साल में कर दिया है तो फिर से जनता को गुमराह करने में लगे हैं और सोच रहे हैं कि कांगेस सरकार ने भरपूर उत्पादन तो कर ही दिया है, सो वायदा खुद करती फिर रही है कि चौबीस घंटे बिजली देंगे, लेकिन वो तो हम देंगे और इस काम में सफलता मिलती भी जा रही है।

भाजपाई और वसुन्धरा जितना झूठ बोलगे, कांग्रेस का वोट प्रतिशत उतना ही बढेगा
मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने कहा कि भाजपा अध्यक्ष वसुन्धरा राजे पिछली बार भी झठ बोलकर और झूठे वायदे कर सत्ता में आए थे। पांच साल इन्होंने जनता के वायदे पूरे करने की जगह गोलियां दी। कितने लोगों को मार दिया। अब फिर सफेद झूठ बोलने में लगे हैं, लेकिन अब जनता इन्हें समझ गई है। ये जितना झूठ जनता में जाकर बोलेंगे, उतना ही कांग्रेस का वोट प्रतिशत चुनावों में बढेगा। भाजपा और वसुन्धरा राजे जनता के सामने झूठ का पुलिंदा पेश कर रहे हैं। ऐसे सफेद झूठ बोल रहे हैं कि कोई सोच भी नहीं सकता है। विपक्ष की भाषा भी ऐसी है कि अफसोस होता है कि उनका कितना स्तर गिर गया है। पहले राजनीति में भी गरिमा होती थी, लेकिन वह सब इन्होंने खत्म कर दी है। वसुन्धरा राजे पूर्व में भी जनता से झूठ बोलकर उन्हें गुमराह करती रही और झूठे वायदे कर सत्ता में आ गए। रावला-घडसाना, खाजूवाला, सौहेला में किसानों ने पानी मांगा तो उन्हें वसुन्धरा राजे गुंडा और असामाजिक तत्व कहती रही। बोली की पानी की कहीं कोई समस्या नहीं है, ये तो गुंडे और असामाजिक तत्व हैं और उन पर गोलियां चलवा दी। किसानों को मार दिया। गुर्जरों से कहा कि आरक्षण दे देंगे। जबकि संविधान की बाध्यताओं के बारे में नहीं सोचा। सत्ता में आए तो उन्होंने आरक्षण मांगा तो 76 गुर्जरों को गोलियों से भून दिया। इन्होंने जनता को पांच साल सरकार में रहते हुए कैसे लूटा, सबको मालूम है। अब फिर से गुमराह करने में लगी है। शिक्षक भर्ती की टैट परीक्षा को खत्म करने का झूठा वायदा कर रही है, लेकिन जो कानून संसद ने बनाया उसे हम कैसे खत्म करें। हमारे हाथ में होता तो कब का खत्म कर देते। लेकिन जनता इन्हें समझ चुकी है, ये जितना झूठ बोलेंगे उतना ही कांग्रेस के वोट प्रति में बढोतरी होगी।

जनता देखें सत्य किस के पक्ष में
मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने कहा कि हमारी पूर्व सरकार और वर्तमान सरकार में हमने कितने काम किए जनता के सामने हैं। हमेशा गरीब, किसान, अल्पसंख्यक, दलित, युवा, महिला और सभी वर्गों के लिए काम किया। हर वर्ग के लिए शानदार स्कीमें बनाई। हमारे जनता के कामों से बौखला गए हैं, दुखी हैं कि जनता के काम क्यों हो रहे हैं। जनता खुद देंखे कि सत्य किस के पक्ष में है। हमारे पास कहने को बहुत कुछ है, लेकिन भाजपा और उनकी पूर्व मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे के पास कहने और बताने को कुछ नहीं है। केवल झूठ का पुलिंदा बांट रहे हैं। कभी मेरे खिलाफ और कभी मंत्रियों के खिलाफ। उनके झूठे आरोपों में दम नहीं है। केवल झूठ के पुलिंदे पर राजनीति करने का ही इनका काम बचा है। आरोप लगाते है, लेकिन इससे जुडे सवालों के जवाब इनके पास नहीं हैं। राबर्ट वाड्रा पर जमीन को लेकर झूठे आरोप लगा रहे हैं। मैं तो कहता हूं कि अगर कहीं भी कुछ गलत हुआ है तो कानून अपना काम करेगा। हम ऐसी पार्टी और विचारधारा के लोग हैं जिसकी राष्टीय अध्यक्ष सोनिया गांधी हैं, जो प्रियंका और राहुल गांधी के जब कभी रणथम्बौर आने पर मुझे कहती हैं कि ध्यान रहे उनके आने और रहने के दौरान कोई भी नियम-कानून नहीं टूटना चाहिए।

हमने जनता का विश्वास जीता, वसुन्धरा और भाजपाईयों ने धन दौलत लूटी : चन्द्रभान
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डॉ. चन्द्रभान ने कहा कि कोई भी आपदा आती है तो कांग्रेस हमेशा आगे रहती है। उत्तराखंड में आपदा आई हमारी राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी, देश के सब बडे नेता, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सब वहां गए। मदद में दिन रात लगे रहे। ऐसे कामों में सबको सहयोग करना चाहिए। राजनेता का धर्म और कर्तव्य भी यही होता है। लेकिन वसुन्धरा राजे को इससे कोई मतलब नहीं है। वे तो केवल राजनीति करना जानती है, लोगों के दुख दर्द बांटने से उन्हें कोई मतलब नहीं है। कांग्रेस और उनकी सरकारों ने सरकार में रहते जनता का विश्वास जीता है, लेकिन भाजपा और उनकी पूर्व मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने जनता की धन दौलत को लूटने के सिवाय कुछ नहीं किया। गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी को भी जनता से कोई मतलब नहीं है, वे केवल उद्योगपतियों के एजेंट के रूप में काम कर रहे हैं। कांग्रेस संदेश यात्रा में ऊर्जा मंत्री डॉ.जितेन्द्र सिंह, परिवहन एवं गृह राज्य मंत्री श्री विरेन्द्र बेनीवाल, विधायक श्री मंगलाराम गोदारा, राष्ट्रीय सचिव मिर्जा इरशाद बेग, पूर्व मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला, स्थानीय विधायक सहित आला नेता मौजूद थे।

- - -

No comments:

Post a Comment