Monday, April 1, 2013

मुख्यमंत्री ने संसदीय सचिव रामकेश मीणा के पिता के निधन पर शोक संवेदना प्रकट की


दौसा/गंगापुर सिटी, 1 अप्रेल। मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत  ने रविवार रात्रि को संसदीय सचिव श्री रामकेश मीणा के खिदरपुर स्थित पैतृक निवास पहुंचकर संसदीय सचिव तथा परिजनों को ढांढस बंधाया तथा शोक संवेदना प्रकट की। संसदीय सचिव श्री रामकेश मीणा के पिताजी श्री मूलचन्द मीणा का पिछले दिनों निधन हो गया था। मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने स्व0 मूलचन्द मीणा के फोटो पर माल्यार्पण कर श्रृद्धासुमन अर्पित किये।  मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत  ने श्री रामकेश मीणा की माताजी श्रीमती गुलबाई को भी ढांढस बंधाया तथा उनसे आशीर्वाद लिया। संसदीय सचिव ने बताया कि मेरी  माताजी जब भी वह टीवी चैनल और अखबार में मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत की फोटो देखती है तो अपने पौत्र, रिश्तेदारों और गांव वालों को बताती है कि ये आदमी अपने रामकेश के साहब हैं और इन्हीं की वजह से गरीबों को फ्री दवाई और मकान मिल रहे हैं।
 मुख्यमंत्री के साथ  पूर्व मंत्री डा0 चन्द्रभान, ऊर्जा एवं जल संसाधन मंत्री डा0 जितेन्द्र सिंह, दौसा जिला प्रभारी मंत्री श्री राजेन्द्र सिंह गुढा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री श्री अशोक बैरवा, सवाई माधोपुर जिला प्रभारी मंत्री  डा0 राजकुमार शर्मा, करौली-धोलपुर सांसद खिलाडीलाल बैरवा, सवाई माधोपुर विधायक श्री अलाउद्दीन आजाद, हिण्डौन विधायक भरोसीलाल जाटव समेत बडी संख्या में जनप्रतिनिधिगण भी उपस्थित थे। इससे पूर्व सवाईमाधोपुर-करौली सीमा पर पहुंचने पर मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत का भव्य स्वागत किया गया। जिला कलेक्टर श्री गिरिराज सिंह कुशवाहा, पुलिस अधीक्षक श्रीमती परमज्योति समेत बडी संख्या में अधिकारियों , जनप्रतिनिधिगण और आमजन ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इसके पश्चात गंगाजी कोठी, महुकलां, उदई मोड, खिदरपुर, डिबस्या, पिपलाई, डाबर, खानपुर, गंगापुर सिटी समेत दो दर्जन से अधिक स्थानों पर मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत का भव्य  स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत डाबर  ग्राम पंचायत भवन में नवनिर्मित सार्वजनिक विश्राम गृह का फीता काटकर लोकार्पण किया।
- - -

No comments:

Post a Comment