Saturday, March 30, 2013

कांग्रेस संदेश यात्रा में उमडा जन सैलाब


दौसा, 30 मार्च। कांग्रेस संदेश यात्रा के अन्तर्गत शनिवार को दौसा जिला मुख्यालय और सिकराय के गीजगढ तथा करौली के नादौती में विशाल जनसभा में मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने भाजपा पर जमकर बरसते हुए राज्य और केन्द्र सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं और कांग्रेस पार्टी की नीतियों को राज्य के विकास लिए जरूरी बताया। दौसा से गीजगढ तथा गीजगढ से नादौती के बीच दर्जनों स्थानों पर हजारों व्यक्तियों ने सडकों के दोनों ओर खडे होकर पुष्पवर्षा से संदेश यात्रा का स्वागत किया।
दौसा शहर में संत सुंदर दास स्मारक तथा गीजगढ में कृषि उपज मण्डी परिसर में  आयोजित जन सभाओं में मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी फ्लैगशिप योजनाओं और जनता में इन योजनाओं के प्रति जबरदस्त रेस्पोंस को देखकर विपक्षी पार्टी घबरा गई है। विपक्षी पार्टी अब कह रही है कि इतनी योजनाऎं लागू नहीं हो पायेगी लेकिन हमने सवा चार वर्ष में सफलतापूर्वक दर्जनों फ्लैगशिप योजनाऎं लागू की और उनका सफलतापूर्वक संचालन भी किया।
मुख्यमंत्री निःशुल्क दवा योजना को आमजन के लिए वरदान बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले गरीब आम आदमी इलाज के खर्च को देखकर घबरा जाता था और कई बार पूरा इलाज भी नहीं करवा पाता था। अब दवा के साथ-साथ जांच भी निःशुल्क होगी। पहले चरण में 7 अप्रेल से जिला लेवल तक के राजकीय अस्पतालों में, 1 जुलाई से सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में तथा 15 अगस्त से सभी राजकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में यह योजना लागू हो जायेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि श्रीमती सोनिया गांधी ने जच्चा और बच्चा दोनों के स्वास्थ्य को दृष्टिगत रखते हुए जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम लांच किया। पहले सही इलाज के अभाव में प्रसव के समय जच्चा और बच्चा की असमय मौत हो जाती थी। इस योजना में दवा, जांच, भोजन, अस्पताल से घर और घर से अस्पताल तक परिवहन निःशुल्क है। इसके अतिरिक्त प्रसूता को 1400 रूपये दिये जाते है, जिसे बढाकर अब 3500 रूपये किये जा रहे हैं। सभी जिला अस्पतालों में लेबर रूम के अपग्रेडेशन के लिए एक-एक करोड रूपये दिये जा रहे है। मरीजों के परिजनों की सुविधा के लिए जिला अस्पतालों में एक-एक करोड रूपये और सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में 50-50 लाख रूपये की लागत से धर्मशाला बनाई जा रही है। पहले बीपीएल को  2 रूपये किलो गेंहू मिलता था, अब बजट घोषणा के मुताबिक 1 रूपये प्रति किलो दिया जायेगा। एपीएल को राज आटा 5 रूपये प्रति किलो की दर से मिलेगा। चीनी भी 10 रूपये किलो कर दी गई है। प्रति घरेलू गैस सिलेण्डर पर 25 रूपये की सब्सिडी दी जा रही है। मुख्यमंत्री ग्रामीण बीपीएल आवास योजना में सहायता राशि 50 हजार रूपये से बढाकर 75 हजार रूपये कर दी गई है। जिस घर में 25 वर्ष या अधिक आयु का कमाऊ पुत्र होता था उसे पेंशन नहीं मिलती थी। हमारी सरकार ने ये प्रावधान हटा दिया है जिससे लाखों लोगों को लाभ मिलेगा।
केन्द्र सरकार के सर्व शिक्षा अभियान, मिड-डे मील, एनआरएचएम, प्रधानमंत्री ग्राम सडक योजना, राजीव गांधी ग्रामीण विद्युतीकरण योजना से विकास का नया अध्याय शुरू हुआ है। अब राज्य सरकार प्रत्येक 250 तक की आबादी वाली ढाणियों को पक्की सडक से जोड रही है। तहसील, उप तहसील, उपखण्ड कार्यालय खोलकर सभी क्षेत्रों में विकास को गति दी गई है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि दौसा सांसद डॉ. किरोडी लाल मीणा को पता चल गया था कि लवाण तहसील घोषित की जा सकती है। तीन-चार दिन धरने पर बैठकर वे चले गये। अभी हमने लवाण को तहसील घोषित नहीं किया है।
राज्य की पांच हजार ग्राम पंचायतों में किसान सुविधा केन्द्र बनाये जा रहे है, जहां किसानों को खेती, कृषि उत्पाद के भाव की जानकारी मिलेगी। राज्य सरकार ने     1.46 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी है। कांस्टेबल भर्ती प्रक्रिया अंतिम चरण में है। 10 हजार अतिरिक्त कांस्टेबल तथा 20 हजार तृतीय श्रेणी शिक्षकों की भर्ती जल्द निकलेगी।     1.65 लाख नौकरियां ओर देंगे। बाडमेर में रिफाइनरी से लाखों लोगों को प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। पहले रिफाईनरी 45 लाख टन क्षमता की बननी थी। अब 90 लाख टन क्षमता की बनेगी यानी 2 रिफाईनरी के बराबर एक ही रिफाईनरी लगेगी। सार्वजनिक निर्माण राज्यमंत्री मुरारी लाल मीणा ने दौसा विधानसभा क्षेत्र और संसदीय सचिव ममता भूपेश ने सिकराय विधानसभा क्षेत्र के लिए विकास की कुछ मांगे रखी। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस संदेश यात्रा के दौरान प्राप्त मांगों और सुझावों का अध्ययन कर यात्रा के पश्चात निर्णय लिया जायेगा। यात्रा के दौरान कोई घोषणा नहीं की जायेगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. चन्द्रभान ने भाजपा को भ्रष्टाचार का अड्डा बताते हुए कहा कि यह पार्टी धर्म और जाति के नाम पर लडाकर अपनी राजनीतिक रोटी सेकती है। पूर्ववर्ती सरकार ने 70 गुर्जरों को पुलिस गोलीबारी में मरवा दिया। घडसाना और सोहेला ने पानी मांगने वाले किसानों को गोली मार दी गई। इस पार्टी का एक अध्यक्ष जेल में पांच वर्ष काट चुका है, दूसरा जेल जाने की तैयारी मेें है। चार साल लंदन में रहकर अब जनता से वोट मांगने के लिए धार्मिक स्थानों का सहारा ले रहे है।
जनसभाओं को ऊर्जा मंत्री डॉ. जितेन्द्र सिंहशिक्षामंत्री बृजकिशोर शर्माजिला प्रभारी मंत्री राजेन्द्र सिंह गुढा, सार्वजनिक निर्माण राज्य मंत्री मुरारी लाल मीणा, संसदीय सचिव ममता भूपेश, राजस्थान के सहप्रभारी अरूण यादव तथा कांग्रेस दौसा जिला अध्यक्ष गजराज खटाना ने भी सम्बोधित किया।
इस अवसर पर करौली-धौलपुर सांसद खिलाडी लाल बैरवा, उदयपुर सांसद रघुवीर मीणा, संजय बाफना, सुरेश चौधरी, विजय लक्ष्मी विश्नोई, चिरंजीलाल बडाया, रमाकान्त व्यासदौसा कांग्रेस जिलाध्यक्ष गजराज खटाणा, पूर्व मुख्य सचेतक हरीसिंह महवा, अनिता मीणा, कमल मीणा, लियाकत अली, रामनाथ राजोरिया, ओमप्रकाश राजोरिया, पूर्व जिला प्रमुख महेन्द्र सांखला, मोनू सिंह गुर्जर समेत बडी संख्या में जनप्रतिनिधि तथा पार्टी पदाधिकारी उपस्थित थे।
- - -








No comments:

Post a Comment