Saturday, March 30, 2013

गहलोत ने दिया कांग्रेस की जन संदेश यात्रा को जबरदस्त आगाज


भारी जन समूह को कांग्रेस की रीति-नीति के साथ उपलब्धियों से अवगत कराया
जयपुर, 30 मार्च। मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने राजस्थान प्रदेश कांग्रेस की संदेश यात्रा को आज जबरदस्त आगाज दिया, जब उन्हें देखने और सुनने के लिए बस्सी में जन समुदाय उमड़ पड़ा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने विगत चार वर्षो में राजस्थान में शिक्षा, चिकित्सा, बिजली, पानी, सड़क सहित विकास के नये कीर्तिमान स्थापित करने के साथ ही अनेकों सामाजिक सुरक्षा योजनाएं  प्रारम्भ कर  गरीबों व जरूरतमंदों को सम्बल प्रदान करने के साथ-साथ आमजन की खुशहाली के लिए फ्लेगशिप एवं विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं शुरू कर उन्हें सफलतापूर्वक मूर्तरूप देकर राजस्थान के आम व्यक्ति को खुशहाल बनाने की दिशा में कारगर प्रयास किये है वहीं राजस्थान में विगत चार वर्षो में विकास का एक नया इतिहास रचा है।
     मुख्यमंत्री श्री गहलोत राजस्थान दिवस के ऎतिहासिक अवसर पर राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से शनिवार से प्रारम्भ की गयी कांग्रेस संदेश यात्रा की जिले के बस्सी में आयोजित पहली जनसभा को मुख्य अतिथि के रूप में सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने सभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को गांव-ढाणी एवं दूरस्थ क्षेत्रों में पहुंचाने के लिए संकल्पबद्ध है तथा मुख्यमंत्री निःशुल्क दवा योजना प्रारम्भ की जाकर राजकीय चिकित्सालयों में जनसाधारण को उपचार हेतु निःशुल्क दवाईयां उपलब्ध करायी जा रही है वहीं आगामी 7 अप्रेल से राजकीय चिकित्सालयों पर जांच की सुविधा भी मुख्यमंत्री निःशुल्क जांच योजना के तहत उपलब्ध करायी जायेंगी। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत 7 अप्रेल  से मेडिकल कॉलेज से सम्बद्ध जिला चिकित्सालयों में जिला मुख्यालयों पर जांच सुविधाएं उपलब्ध कराया जाना प्रारम्भ किया जायेगा तथा 15 जुलाई से प्रदेश के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों एवं 15 अगस्त से सभी राजकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर रोगियों को जांच की निःशुल्क सुविधा सुलभ करायी जायेगी। जिसके तहत सोनोग्राफी, एक्सरे, रक्त सहित अन्य जांचे निःशुल्क कराने की सुविधा उपलब्ध होगी।
     उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने वर्ष 2013-14 के बजट में प्रावधान किया है कि रोगियों के साथ गांवों से आने वाले परिजनों को सम्मानजनक तरीके से ठहरने की सुविधा मिले इसके लिए जिला एवं तहसील मुख्यालयों पर धर्मशालाओं का निर्माण किया जायेगा। जिला मुख्यालय पर एक करोड़ रूपये की लागत से धर्मशालाएं बनायी जायेंगी तथा तहसील मुख्यालय पर 50 लाख रूपये की लागत से धर्मशालाएं बनायी जायेंगी जिनमें रोगियों के परिजनों को ठहरने की सुविधा मिल सकेगी।
     मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान को तेज गति से आगे बढ़ाने तथा प्रदेशवासियों की सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षणिक स्थिति में क्रांतिकारी बदलाव लाने एवं रोजगार के नये अवसर सृजन करने की दृष्टि से रिफाइनरी और पेट्रो केमिकल काप्लेक्स की स्थापना के लिए ऎतिहासिक फैसला प्रदेश के विकास का मील का पत्थर साबित होगा। जो राजस्थान के उज्जवल भविष्य के दूरगामी वीजन को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि रिफाइनरी की स्थापना पर 40 हजार करोड़ से अधिक राशि खर्च की जायेगी तथा एक लाख लोगों को रोजगार मिलेगा जिससे बाड़मेर सहित पूरे राज्य में विकास का नया परिदृश्य साकार होगा। राजस्थान में गैस, तेल एवं लिग्नाइट एवं अन्य खनिज के अथाह भण्डार मिले है। इनका वैज्ञानिक तरीके से उपर्युक्त दोहन किया जाकर राजस्थान की तरक्की को और अधिक तेजी से आगे बढ़ाया जायेगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के वित्तीय प्रबंधन की शानदार मिसाल के परिणामस्वरूप ही राजस्थान में गांवों एवं गरीब के विकास के साथ-साथ अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछडा वर्ग, विशेष अन्य पिछडा वर्ग, अल्पसंख्यकों, श्रमिकों, युवाओं, विशेष योग्यजनों, किसानों, महिलाओं, वृद्धजनों, विधवाओं को सम्बल प्रदान करने तथा राज्य के समग्र विकास की अवधारणा को तेजी से साकार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आगामी शिक्षण सत्र में आठवीं पास कर नवीं कक्षा में प्रवेश लेने वाली सभी छात्राओं को साईकिले मुहिया करायी जायेगी। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी डिजीटल विद्यार्थी योजना के तहत माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, राजस्थान की दसवीं व बारहवीं कक्षा की परीक्षा में मेरिट में आने वाले विद्यार्थियों को लैपटॉप दिया जायेगा तथा आठवीं कक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को लैपटॉप प्रदान किये जायेंगे। उन्होंने कहा कि बारहवीं पास एक लाख छात्रों को मेरिट के अनुरूप 500 रूपये प्रतिमाह उच्च शिक्षा अध्ययन हेतु मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा छात्रवृत्ति योजना के तहत पांच वर्ष तक छात्रवृत्ति दी जायेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश में भारत निर्माण राजीव गांधी सेवा केन्द्रों की पंचायत समिति एवं प्रत्येक ग्राम पंचायत मुख्यालय पर स्थापना कर उन्हें संचालन किया जा रहा है जिससे तत्कालीन प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी का संचार क्रांति का सपना साकार हुआ है तथा इन केन्द्रों पर कम्प्यूटर व इंटरनेट के माध्यम से ग्रामीणों एवं किसानों को घर बैठे ही बिजली, पानी, टेलीफोन के बिल जमा करवाने की सेवाएं सुलभ कराये जाने के साथ ही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के प्रपत्र एवं जमाबंदी की नकले भी उपलब्ध करायी जा रही है।
     उन्होंने कहा कि  राज्य सरकार ने विगत चार वर्षो में राजस्थान में हर क्षेत्र में विकास और हर व्यक्ति की खुशहाली के लिए योजनाबद्ध तरीके से महत्वपूर्ण प्रयास किये है और विकास की गति को निरंतर आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने आगामी वित्तीय वर्ष के बजट में महत्वपूर्ण प्रावधान किये है जिसके तहत मुख्यमंत्री ब्याज मुक्त फसली ऋण योजना के तहत काश्तकारों के हित में ऎतिहासिक निर्णय लिया गया है कि किसान द्वारा समय पर ऋण चुकाने पर डेढ़ लाख रूपये के सहकारी बैंकों के फसली ऋण को ब्याज मुक्त किया गया है तथा इस ऋण राशि की ब्याज राशि राज्य सरकार द्वारा सहकारी बैंकों को चुकायी जायेगी।
     उन्होंने कहा कि बजट घोषणा के अनुरूप  मुख्यमंत्री अन्न सुरक्षा योजना के तहत बी.पी.एल. ,स्टेट बी.पी.एल. परिवारों को एक रूपये प्रति किलो की दर से गेहूं उचित मूल्य दुकानों के माध्यम से दिया जायेगा जिसका 40 लाख बीपीएल परिवारों को लाभ मिलेगा । बी.पी.एल. परिवारों को 10 रूपये प्रति किलो की दर से चीनी व ए.पी.एल. परिवारों को 5 रूपये प्रति किलो की दर से आटा उपलब्ध कराया जायेगा। उन्होंने कहा कि वृद्धावस्था एवं विधवा पेंशन योजना की पात्रता हेतु 25 वर्ष या इससे अधिक आयु का पुत्र नहीं होने की शर्त को समाप्त कर दिया गया है।
     मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने मानव को निःशुल्क जांच एवं दवा की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ ही मुख्यमंत्री पशुधन निःशुल्क दवा योजना के तहत मूक पशुओं को भी निःशुल्क उपचार की सुविधा उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पशुधन निःशुल्क योजना के तहत औषधियों की संख्या बढ़ाकर 110 की जायेगी तथा राजस्थान वेटनरी सर्विसेज कारपोरेेशन की स्थापना भी की जायेगी तथा 400 ग्राम पंचायतों में नवीन पशु चिकित्सा उप  केन्द्र खोले जायेगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ग्रामीण बी.पी.एल. आवास योजना के तहत चयनित लाभार्थियों को 50 हजार की बजाय 75 हजार रूपये की राशि पक्के आवास निर्माण हेतु दी जायेगी।
     उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने हेतु महात्मा गांधी नरेगा योजना के तहत 100 दिन कार्य करने वाले श्रमिकों को उसके द्वारा मांगे जाने पर 50 दिन का कार्य और दिया जायेगा (कुल 150 दिन) तथा जिन ग्राम पंचायतों में पक्के काम प्रारम्भ हो गये है उन्हें पूरा करवाया जायेगा जिसके लिए आवश्यक होने पर मैटेरियल राशि का व्यय राज्य सरकार द्वारा वहन किया जायेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा एक लाख पचास हजार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जा चुका है तथा एक लाख पैंसठ हजार नौकरियां भी विभिन्न विभागों में युवाओं को दी जायेगी।
     मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान सरकार देश की एकमात्र राज्य सरकार है जिसने सरकार बनने से पूर्व जो घोषणा पत्र जारी किया उसकी हर घोषणा को मूर्त रूप दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस वित्तीय वर्ष में जो बजट घोषणाएं की गयी है वे हर घोषणा को साकार रूप दिया जायेगा।
     मुख्यमंत्री श्री गहलोत ने बस्सी क्षेत्रवासियों द्वारा उत्साह के साथ जनसभा में भाग लेेने पर उनका आभार व्यक्त किया और कहा कि बस्सी विधानसभा सीट कांग्रेस की झोली में डाले और कांग्रेस को मजबूत बनाएं ताकि अगली सरकार कांग्रेस की बने। उन्होंने कहा कि कांग्रेस यूपीए चैयरपर्सन श्रीमती सोनिया गांधी के कांग्रेस का हाथ सबके साथ तथा कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री राहुल गांधी के तिरंगा मेरा धर्म है के नारे का अनुसरण कर हमे कांग्रेस को आगामी विधानसभा चुनावों में जीताना है।
     राजस्थान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष श्री चन्द्रभान ने जनसभा में राजस्थान स्थापना दिवस पर प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि राजस्थान में कांग्रेस ने प्रत्येक क्षेत्र में तरक्की की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने फ्लेगशिप व जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के हर तबके के कल्याण के लिए पुरजोर प्रयास किये है तथा राजस्थान का ऎसा कोई हिस्सा शेष नहीं है जहां बहुआयामी विकास कार्य प्रारम्भ नहीं हुये है।
जनसभा को केन्द्रीय राज्य मंत्री श्री लालचंद कटारिया, कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव अरूण यादव ने भी सम्बोधित किया। जनसभा में उर्जा मंत्री डा. जितेन्द्र सिंह, शिक्षा मंत्री श्री बृजकिशोर शर्मा, राज्यसभा सदस्य श्री अश्क अली टांक, सासंद श्री महेश जोशी, महापौर श्रीमती ज्योति खण्डेलवाल, विधायक भगवान सहाय सैनी, श्री गोपाल मीणा, जन अभाव अभियोग के अध्यक्ष श्री मुमताज मसीह, श्री राजीव अरोड़ा, अजित सिंह शेखावत व सुरेश चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे। जनसभा के प्रारम्भ में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य श्री लक्ष्मण मीणा ने अतिथियों का स्वागत किया एवं अन्त में पूर्व विधायक जगदीश तिवाडी ने अतिथियों व आगन्तुकों आभार व्यक्त किया।
- - -

No comments:

Post a Comment