Saturday, May 11, 2013

वसुन्धरा किसानों को गुंडा कहती रहीं, गोलियां चलवाती रहीं - गहलोत

 जनता से किया कोई वायदा नहीं निभाया, केवल गोलियों से भूना


 पुराने जुमले फिर ले आई हैं, लेकिन उन्हें जंग लग गया है

 शर्म आनी चाहिए, फिर से लोगों को भडका रही हैं

 जनता में एक्सपोज हो गई है, घबराकर बिना सोचे रोजाना झूठ का रिकोडर चला रही है



जयपुर, 11 मई। मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने कांग्रेस संदेश यात्रा के छठे चरण की शुरूआत करते हुए कहा कि वसुन्धरा राजे जब सरकार में थी तो पानी मांग रहे किसानों को गुंडा कहती रहीं और गोलियों से भूनवा दिया। गुर्जरों से झूठे वायदे कर दिए और गोलियां चलाकर मरवाया। उन्हें यह सब करते शर्म नहीं आई और अब फिर से झूठ का रिकोडर चलाकर जनता को भडकाने में लगी हैं।

श्री गहलोत ने शनिवार को संदेश यात्रा के इस छठे चरण की शुरूआत बगरु विधानसभा क्षेत्र से की। बगरु, दुदू में विशाल सभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले चुनावों में वसुन्धरा ने जनता से ऐसे ऐसे वायदे कर दिए जो कभी पूरे नहीं हो सकते थे। केवल चुनावी जुमलों से, जनता को गुमराह किया और लफ्फाजी की। फिर सरकार में आए तो लापरवाह हो गई। बुलाकर समझाया नहीं कि कानून, नियम कायदे क्या हैं। किसानों ने पानी मांगा तो कह दिया कि वे गुंडे हैं और गोलियां चलवा दी। फिर गुर्जरों ने आरक्षण मांगा तो उन्हें भी चुन-चुन कर मारा। इन्हें शर्म आनी चाहिए। अब फिर से वायदे कर रही है। किस मुंह से गुर्जरों को भडका रहीं है। हमने हमारे घोषणा पत्र में और सरकार में कोई झूठा वायदा नहीं किया। जिसने भी मांग की बुलाकर समझाया कि जो संभव हो सकता है करेंगे। गोलियां तो छोडा किसी पर एक बार भी लाठीचार्ज तक नहीं होने दिया। हम हर वर्ग और हर क्षेत्र के लिए काम कर रहे है तो इन्हें तकलीफ हो रही है। इनका षडयंत्र है कि लोगों में हताश लाओं, बस यहीं काम इनके पास रह गया है। इनके जुमले पुराने को गए हैं, उन्हें अब जंग लग चुका है। ये जनता को तिरस्कार की नजर से देखते हैं। इसलिए ही इनका राज गया। साढे चार साल प्रदेश में दिखी नहीं। अब फिर से यात्रा निकालकर वसुन्धरा रोजाना झूठ का रिकोडर चला रहीं हैं। लेकिन जनता को इन्हें इगनोर करना चाहिए। सरकार के कामों और प्रदेश में हमारे किए गए विकास के आगे इनकी यात्रा फैल हो गई है। झूठ का रिकोडर चला रही हैं। घबराकर बोल रही हैं, क्योंकि जनता में एक्सपोज हो गई हैं। बोलने से पहले सोच नहीं रही हैं। इन्हें पता ही नहीं इसका जनता में क्या संदेश जाएगा। कह रहीं हैं कि भूख से मौतें हो गई है, जबकि कोई भूख से नहीं मरा है। हमने अकाल के वक्त ही किसी को मरने नहीं दिया। जनता के काम कर रहे हैं तो कह रही है पैसा लूटा रहे हैं। आखिर सरकार में जो पैसा होता है, वह जनता का ही होता है तो जनता पर खर्च करने में क्या दिक्कत है। कन्या भ्रूण हत्या रोकने की बात मैं सभाओं में कह रहा हूं, उस पर महिलाएं तालियां बजा रही हैं तो उन्हें खुश होना चाहिए। लेकिन उन्हें दुख हो रहा है। कह रहीं हैं कि तालियां बजवा रहे हैं। गरीब, गांव, किसान, दलित, अल्पसंख्यक, महिला, बुजुर्ग ऐसा कौन सा वर्ग छोडा जिसके लिए काम नहीं किया। सरकार का काम ही जनता को राहत देना होता है। खुद सरकार में थी तो कुछ किया नहीं। केवल फिजूलखर्ची करने का काम किया।

हमारी सरकार का वित्तीय प्रबन्धन शानदार रहा जो आप सबके सामने है। जो भी कहा, वायदा किया उसे पूरा किया। जो काम नहीं हो सकता उसके लिए कोई वायदा नहीं किया। हमारी सरकार ने शुरू में ही कहा था कि संवेदशनील, जवाबदेह और पारदर्शी शासन देंगे और उस पर अमल भी किया जो जनता के सामने हैं।

भाजपा शासन में था आतंकी राज, सुराज गायब रहाः वासनिक

कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी मुकुल वासनिक ने कहा कि पिछले पांच साल का शासन भाजपा का रहा। उसमें पदेश में गोलियां चलाई, गुर्जरों, किसानों को मारा गया। जनता को डराकर रखा गया। वह आंतकी राज था और सुराज दूर दूर तक नहीं था। सुराज तो कांग्रेस सरकार का रहा। जिसमें प्रदेश में अमन-चैन, सुख शांति रहीं। हर वर्ग के लिए काम किए गए।

राजा-महाराजाओं का राज नहीं जो भूख से मरेंगे : चन्द्रभान

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डॉ.चन्द्रभान ने वसुन्धरा पर निशाना साधते हुए कहा कि राजस्थान में राजा-महाराजाओं का राज नहंीं है। यहां लोकतंत्र हैं, कांग्रेस का राज है। हमने अकाल के समय ही किसी को भूख से नहीं मरने दिया। कोई मरा नहीं और कह रही हैं कि भूख से लोग मर गए। वे झूठ बोलती जा रही हैं। केवल सीएम बनने के लिए आरोप लगा रही हैं। पोशाक बदलकर नया राजस्थान नहीं बनता है, नीतियों से बनता है। कांग्रेस ने अपने 2008 के चुनावी घोषणा पत्र में ही नया राजस्थान बनाने की बात कहीं थी। गहलोत सरकार ने उस पर अमल भी कर दिखाया है। लेकिन आरएसएस और भाजपा को तो ट्रेनिंग ही झूठ बोलने और अफवाह फैलाने की दी जाती है।

जनसभा में केन्द्रीय मंत्री सचिन पायलट, महादेव सिंह खंडेला, जयपुर सांसद महेश जोशी, मेयर ज्योति खंडेलवाल, केबिनेट मंत्री डॉ.जितेन्द्र सिंह, बृज किशोर शर्मा, स्थानीय विधायक, कांग्रेस प्रदेश पदाधिकारी मौजूद थे।

- - -

No comments:

Post a Comment