Tuesday, May 21, 2013

भाजपाईयों से सावधान रहे, धोखेबाज लोग है - गहलोत


v    जनता इनसे पूछे उन्होंने अपने राज में क्या काम किया
v    राजस्थान में तांडव किया, झूठ बोलते रहे जिसकी कीमत प्रदेश को भुगतनी पड़ी
v    हमने सामाजिक सुरक्षा की बेमिसाल योजनाएं दी, जिनकी चर्चा दुनिया भर में

धरियावाद (प्रतापगढ़), घाटोल (बांसवाड़ा), 21 मई। मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने कहा कि झूठ बोलना भाजपाईयों की फितरत में है। वे झूठ बोल कर लोगों को गुमराह करते हैं, पहले यात्रा में झूठ बोलकर सरकार में आ गए थे। इसलिए जनता भाजपाईयों  से सावधान रहे। ये धोखेबाज लोग हैं। इनकी सरकार के वक्त कोई काम नहीं हुए। जनता को इनसे पूछना चाहिए कि इन्होंने अपने राज में क्या काम किए।
श्री गहलोत ने प्रतापगढ़ जिले के धरियावाद कस्‍बे में और बांसवाड़ा के घाटोल विधानसभा के नरवाली में जनसभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि वे पहले परिवर्तन यात्रा लेकर आए तो इतने झूठ बोले कि जनता इन्हें समझ नहीं सकी। हैलिकॉप्टर में उड़-उड़कर लोगों को भड़काते रहे। सरकार में आ गए तो प्रदेश में ताडंव किया। उनके राज में शासन नहीं था कुशासन था। किसानों को गुंडा तक कह दिया और उन पर गोलियां चलवाई, गुर्जरों को मार दिया। बाहर से दलाल बुलाए, जिन्होने राजस्थान को लूटा। जनता का कोई काम नहीं किया। सामाजिक सुरक्षा की कोई योजना नहीं दी, जनता के कोई काम नहीं किए। अब फिर से यात्रा निकालते फिर रहे हैं। लेकिन जनता इनसे सावधान रहे। ये धोखेबाज लोग हैं। जनता को यह गिनाएं की उन्होंने क्या काम किया। जनता भी पूछे कि इन्होंने पांच साल के अपने राज में क्या काम किए। हमारी सरकार ने सामाजिक सुरक्षा की इतनी बेमिसाल योजना दी कि जनता को राहत मिली और दुनियाभर के मूल्‍कों में इनकी चर्चा है। आज तक जो राजस्थान में सामाजिक सुरक्षा के काम नहीं हुए, वे काम हमने किए। दूर की सोच रखकर जनहित के फैसले किए। सरकार ने कामों में कोई कमी नहीं छोड़ी। जनता ने जिनकी मांग नहीं की उन कल्याणकारी कामों को भी किया। हमारी सरकार में शानदार वित्तीय प्रबन्धन रहा। सरकार के पास पैसे की कोई कमी नहीं रहीं। बिना टैक्स लगाए योजनाएं बनाई और हर वर्ग के लिए काम किया। वे सोचते हैं कि एक झूठ को सौ बार बोलेंगे तो सच हो जाएगा। चुनाव आएंगे तो और झूठे वायदे करेंगे। लेकिन जनता अब इनकी बातों पर विश्वास नहीं करती। जनता को सच्चाई का साथ देना चाहिए। सच का कोई विकल्प नहीं है।

हजारों की सख्यां में जनसभा में पहुंचे आदिवासी :

घाटोल विधानसभा  क्षेत्र के नरवाली गांव में हुई जनसभा में श्री गहलोत को सुनने हजारों की तादाद में आदिवासियों का रैला आया। यहां आसपास के गांव के गांव नरवाली में उमड़ आए। सभा स्थल के बाहर सड़कों पर भी श्री गहलोत के स्वागत में जनसैलाब उनके पलक पांवडे बिछाकर इंतजार करता रहा। आधे किलोमीटर से ज्यादा दूर तक सड़क पर दोनों और हजारों लोगों का हुजूम उमड़ा। उनके पहुंचते ही आदिवासी समुदाय और ग्रामीणों ने उनके समर्थन में जमकर नारेबाजी की।

कटारिया से वसुन्धरा की लड़ाई थी चन्द्रभान

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डॉ.चन्‍द्रभान ने कहा कि भाजपा नेता कह रहे हैं कि कांग्रेस सरकार ने मेवाड की उपेक्षा की। लेकिन मेवाड़ के लिए सरकार ने जितने काम किए किसी ने भी नहीं किए होंगे। हरिदेव जोशी, मोहनलाल सुखाडिया, हीरालाल देवपुरा, शिवचरण माथुर के रुप में मेवाड़ से कांग्रेस ने ही मुख्यमंत्री बनाएं। मेवाड़ की कांग्रेस में उपेक्षा नहीं हुई, लेकिन भाजपा में खुद कटारिया की उपेक्षा हुई। झूठे आरोप लगाकर कह रहे हैं कि मुख्यमंत्री ने उन्हें सोहराबुद्दीन एनकाउन्टर में फंसा दिया, लेकिन क्या कोई किसी को हत्या के मुकदमें में फंसा सकता है क्या। श्री गहलोत से उनकी क्या लड़ाई थी, लड़ाई तो उनकी भाजपा अध्यक्ष वसुन्धरा राजे से थी। ऐसे में उन्हें कौन फंसा रहा है ये तो साफ है।

            जनसभाओं को राजस्‍थान कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सचिव श्री अरूण यादव, सांसद ताराचंद भगौरा, सांसद रघुवीर मीणा, पंचायतराज मंत्री महेन्‍द्रजीत सिंह मालवीया, स्‍थानीय विधायक एवं नेताओं ने सम्‍बोधित किया।
- - -

No comments:

Post a Comment