Tuesday, May 28, 2013

वसुन्धरा व भाजपाई केवल वायदे करते हैं, हम वायदे निभाते हैं - गहलोत

चौंमू से राजगढ़ तक कांग्रेस जन संदेश यात्रा लोगों के दिलों में छाई
v    कांग्रेस की करनी और कथनी में अंतर नहीं
v    उनके हर आरोपो का माकूल जवाब देंगे, बोलती बंद कर देंगे
v    भाजपा  सरकार में भ्रष्टाचार , फायरिंग हुई और एनकाउन्टर जैसे मामले सामने आए
v    कांग्रेस संदेश यात्रा का आठवां चरण समाप्त

तारानगर, राजगढ़, 28 मई। संवेदनशील, पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन देने का वादा निभाने वाले मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत की अगुवाई में कांग्रेस की जनसंदेश यात्रा जयपुर ग्रामीण के चौंमू से लेकर चूरू के राजगढ़ सहित तीन दिनों में दस जन सभाओं के जरिये लोगों के दिलों में पूरी तरह छा गई। एक भी जनसभा ऎसी नहीं थी, जहां उन्हें देखने और सुनने जनसैलाब नहीं उमड़ा हो।
मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने आज तारानगर और राजगढ़ की विशाल जनसभाओं में कहा कि भाजपाई और उनकी पूर्व मुख्यमंत्री वसुन्धरा केवल जनता से वायदा करना जानती है। उन्होंने कभी वायदों को पूरा नहीं किया। वायदे कर सरकार में आ गए और फिर जो कुछ हुआ जनता के सामने है।  लेकिन कांग्रेस और हमारी सरकार ने जो भी वायदे किए उन्हें  निभाया। वो केवल वायदे करना जानते हैं और हम वायदे करके निभाना जानते हैं।
श्री  गहलोत कांग्रेस संदेश यात्रा के दौरान मंगलवार को तारानगर और राजगढ़ पहुंचे। उन्होंने आज अपनी यात्रा की शुरूआत चूरू से की। तारानगर और राजगढ़ में आयोजित सभाओं में जाते वक्त उनका यहां जोरदार स्वागत हुआ। पसीने छुडाने वाली गर्मी और लू के बीच भरी दोपहरी में भी सभाओं में लोगों का विशाल हुजूम उन्हें सुनने को उमड़ पड़ा। उन्होंने यहां सभाओं में कहा कि पिछली बार परिवर्तन  यात्रा में पूर्व मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने राजस्थान की जनता को भड़काने का काम किया, ऊपर से झूठे वायदे और कर लिए। दुर्भाग्य से हमारी सरकार चली गई और भाजपा की सरकार आ गई। जनता को कुशासन के अलावा कुछ नहीं दिया। भ्रष्टाचार के रिकॉर्ड तोड़ दिए। फर्जी एनकाउन्टर जैसे मामले हुए, क्या-क्या नहीं हुआ। गुर्जरों, किसानों पर गोलियां चलाई 21 बार फायरिंग की और 90 लोगों को मरवा दिया। सरकार में रहते हुए केवल शिलान्यास किए, एक धेला भी पैसा खर्च नहीं किया। हमारी सरकार आई तो जनता से जो भी वायदे किए उन्हें निभाया। जो कहा वह किया। हमारी कथनी और करनी में अंतर नहीं। हमने जनता से संवेदशनील, जवाबदेह, पारदर्शी  शासन देने का वायदा किया और उसी को आधार बना कर काम किए, जो जनता के सामने हैं। एक के बाद एक फैसले हुए। इन्हें यह सब रास नहीं आ रहे हैं। इसलिए सरकार को बदनाम कर रहे हैं। राजगढ़ में उन्होंने कहा कि उनकी सरकार थी तो यहां गैंगवार हुए। पूरे एरिया को बदनाम करने की कोशिश की। लेकिन लोकतंत्र में हिंसा का कोई स्थान नहीं होता है। उन्होंने कहा कि जनता को इन गुमराह करने वाले लोगों को चुनावों में जवाब देना चाहिए। पूर्व भाजपा सरकार के वक्त केन्द्र में यूपीए की सरकार थी जिसने शानदार नीतियां बनाई, जिसकी वजह से हर प्रदेश में र्आथिक संकट दूर हो गया। केन्द्र से खूब पैसा आया। लेकिन फिर भी इन्होंने जनता के लिए कुछ नहीं किया। इस बार प्रदेश में हमारी सरकार ने शानदार वित्तीय प्रबन्धन किया। हर वर्ग के लोगों के लिए काम किए। प्रदेश मे तेजी से विकास हुआ। उन्होंने राजगढ में सरकारी कॉलेज खोलने की घोषणा की और यहां लंबित आरओबी का परीक्षण कराने का जनता को भरोसा दिलाया। कांग्रेस संदेश यात्रा का आठवां चरण मंगलवार को समाप्त हो गया।
चूरू से यात्रा की शुरूआत करने से पूर्व उन्होंने संवाददाताओं से हुई बातचीत में कहा कि सरकार ने बजट में जो घोषणाएं की थी उन्हें ही लागू कर रहे हैं। उनका ही क्रियान्वयन हो रहा है। इन्हें लागू नहीं करते तो विपक्षी कहते कि घोषणाएं पूरी नहीं की और लागू कर दी तो कह रहे हैं चुनावी घोषणाएं हैं। लेकिन मैं बताना चाहता हूं कि हमने बजट घोषणाओं को ही लागू किया है। चुनाव के वक्त कोई घोषणा लाते तो आरोप लगाते। साढे़ चार साल तो पूर्व मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे राजस्थान में रही नहीं, इसलिए उन्हें पता ही नहीं है कि ये बजट की घोषणाएं हैं। उनके दूसरे नेताओं को तो पता है। लेकिन हम उनके हर आरोप का माकूल जवाब देकर उनकी बोलती बंद कर देंगे। वो जनता को राहत देने वाली योजनाओं से दुखी बहुत है। केवल जुमले पढ़ देती है। हम बुजुर्गों, विधवाओं, निशक्तजनों को पेंशन दे रहे हैं तो कह रही है कि रेवडियां बांट रहे है, ये रेवडियां है क्या ? वसुन्धरा बुजुर्गों , निशक्तजनों और विधवाओं के दर्द को समझती नहीं है। उनका सम्मान जानती नहीं है। इन के प्रति उनकी कोई सहानुभूति नहीं है।
मलसीसर में स्वागत में उमड़ा जनसैलाब
संदेश यात्रा के दौरान मंगलवार को तारानगर और राजगढ़ में ही सभाओं का कार्यक्रम था। लेकिन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत राजगढ़ से सभा समाप्त होने के बाद सड़क मार्ग से झुंझुनूं आ रहे थे तो मलसीसर में उनके स्वागत में हजारों की सख्यां में जनसैलाब पलक पावडे बिछाएं सड़क पर खड़ा था। यहां गहलोत के पहुंचते ही लोगों ने जमकर गहलोत जिन्दाबाद के नारे लगाए। लोगों की आत्मीयता देखकर गहलोत भी खुद को रोक नहीं सके और उन्होंने यहां गाड़ी से उतरकर लोगों को संबोधित किया।
एनकाउन्टर में फंसे नेताओं को वसुन्धरा संरक्षण दे रही है- चन्द्रभान
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डॉ.चन्द्रभान ने कहा कि भाजपा अध्यक्ष वसुन्धरा राजे भाजपा नेता राजेन्द्र राठौड और नेता प्रतिपक्ष गुलाब चंद कटारिया जो कि एनकाउन्टर में फंसे हैं, उन्हें संरक्षण दे रही है। जन आंदोलन करते नहीं है। नेता एनकाउन्टर में आरोपी हैं तो उन्हें संरक्षण दे रही हैं, आपराधिक प्रवृत्ति के नेताओं को बचाने में लगी हैं। आंदोलन करवा रही है। इनका लोकतंत्र पर विश्वास नहीं है। न ही न्याय प्रक्रिया पर विश्वास रखते हैं। फिर कौनसे सुराज की बात करती हैं।

- - - 

No comments:

Post a Comment