Sunday, May 12, 2013

वसुन्धरा से उनकी सरकार के तीन काम पूछ लो, भाग जाएंगे और भाषण देना भूल जाएंगे - गहलोत



v     वसुन्धरा की बुद्धि का दिवालियापन निकल गया
v     राज्य सरकार को बदनाम करने का षडयंत्र कर रही है
v     राजस्थान को पिछडा बता रही हैं, इनकी सोच ही पिछडी
v     विजन की बात करती हैं, पिछली सरकार का कैसा विजन था जनता जानती है
v     इन गुमराह करने वालों को जनता को करारा जवाब देना होगा

पुष्कर, 12 मई। मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने आज भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वसुन्धरा राजे को जमकर घेरा, उन पर तीखे प्रहार किये। उन्होंने कहा कि जनता के कल्याण के इतने काम इस सरकार में हो रहे हैं कि उन्हें देखकर उनके पेट में बल पड रहे हैं, क्योंकि इनकी फासीवादी, सामंतवादी सोच है। लोगों को दुखी देखना इनकी फितरत है। उन्होंने सवाल किया कि अपने शासनकाल के तीन काम वे ऐसे गिना दें जिन्हें जनता याद करती हो।
श्री गहलोत ने रविवार को पुष्कर में आयोजित संदेश यात्रा में महती आम सभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि राजस्थान के काम और विकास की देश दुनिया में तारीफ हो रही है और ये कह रहे हैं कि प्रदेश पिछड रहा है। इनकी सोच ही पिछडी है, लगता है कि वसुन्धरा की बुद्धि का दिवालियापन निकल गया है। श्री गहलोत ने छठे चरण के दूसरे दिन अपनी यात्रा की शुरूआत अजमेर से की। उनकी सभा निर्धारित समय से तीन घंटे देरी से हुई, लेकिन उन्हें धार्मिक नगरी पुष्कर में सुनने की बेताब जनता तपती धूप में भी उनका इंतजार करती रही। पुष्कर के मेला ग्राउन्ड में उमडे जनसैलाब में महिलाएं भी भारी तादाद में थीं। श्री गहलोत के पहुंचते ही यहां उनके समर्थन में जोरदार नारेबाजी हुई। श्री गहलोत ने यहां अपने संबोधन में कहा कि राजस्थान की योजनाओं की तारीफ देश दुनिया में हो रही है। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया, योजना आयोग और प्रधानमंत्री प्रदेश के विकास की तारीफ कर रहे हैं। कृषि में राजस्थान को बेहतर कामों के लिए नंबर वन का पुरस्कार मिला है। सरकार ने लगातार पांच साल तक शानदार बजट पेश किया है। सालाना बजट का आकार चालीस हजार करोड तक कर दिया और वह कह रहे हैं कि राजस्थान पिछडा है। मुझे तो इनकी सोच ही पिछडी हुई लगती है। पता नहीं इनकी बुद्धि को क्या हो गया है। लग रहा है कि इनकी बुद्धि का मानसिक दिवालियापन निकल गया है। जनता के काम कर रहे हैं तो वसुन्धरा दुखी हो रही है। नहीं चाहती है कि जनता सुखी रहे। बस केवल दुखी देखना चाहती है। लोकतंत्र में ऐसी सोच केवल फासीवादी और सामंती लोगों की ही हो सकती है। इनका लोकतंत्र में विश्वास ही नहीं है। इनके पेट में प्रदेश के विकास को देखकर प्रसन्न होने की जगह पेट में बल पड रहा है। सरकार ने कामों में कहीं कोई कमी नहीं रखी। चुनाव आ गए हैं, अब कुछ तो सच बोलो। विपक्ष का प्रदेश में अपना महत्व होता है। अलग भूमिका और मान सम्मान होता है। विपक्ष का काम होता है कि वे सरकार के कामों को देखें और बताएं कि कहां क्या कमी रह गई है। उस कमी का विरोध करें लेकिन प्रदेश में साढे चार साल विपक्ष की नेता वसुन्धरा राजे इस दौरान लंदन, मुंबई और पता नहीं कहां रहीं। इनकी खुद की पार्टी के नेता इन्हें ढुंढते रहते थे, पूछते रहते थे कि वे कहां हैं। आप यात्रा में इतनी लंबी सारी बातें कर रही हो, क्या नहीं बोल रही सरकार के बारे में। सरकार को बदनाम करने का षडयंत्र कर रहीं हैं। पहले भी जब हमारी सरकार थी तो हम जनता की सेवा में लगे रहे और ये षडयंत्र करने में लगे रहे। अब फिर ये षडयंत्रकारी घूम रहे हैं। इन्हें अब क्या जवाब दें जो खुद सरकार में और विपक्ष में रहते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन नहीं करती हैं। खुद की सरकार थी तो कोई काम नहीं कराया। जनता को तिरस्कार की नजर से देखती रहीं। चुनाव आने पर जनता के किए गए कामों की ही बुराई कर रही हैं, लेकिन अगर इनसे पूछ लिया जाए कि खुद की सरकार के कोई तीन जनता के काम बता दो तो ये यहां से भाग जाएंगी और तो और भाषण देना भी भूल जाएगी। उन्होंने कहा कि इन गुमराह करने वाले लोगों को करारा जवाब देना होगा।
भाजपा पार्टी, कांग्रेस का कहां मुकाबला करेंगी। इनके न सोच है, न विजन, न संस्कृति और संस्कार हैं। कांग्रेस को विरासत में ही संस्कार, सोच और नीति मिली। ये केवल आग लगाना जानते हैं, कांग्रेस आग बुझाती है। सुशासन नहीं पांच साल कुशासन ही कुशासन रहा इनका।
मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने कहा कि इन पर जितने आरोप लगाओं उतने ही कम हैं। वसुन्धरा विजन की बात करती है, सबको मालूम हैं कि इनका कैसा विजन था। पिछली सरकार में जनता ने इनका विजन देख लिया है। हिंसा, दंगे, जातियों, धर्मों के लोगों को भडकाना ही इनका काम रहा। पिछली सरकार में कैसी हिंसा हुई। 21 बार फायरिंग की और 90 लोग मारे गए। 76 गुर्जर मारे। गुर्जरों को कहा कि आरक्षण दे दूंगी। क्या किया, उन पर गोलियां चलाई। मार दिया। किसानों को लूट लिया, लोगों को लूट लिया। सुशासन नहीं कुशासन रहा। हमारी सरकार हैरिटेज संरक्षण में लगी है, उनकी सरकार ने हैरिटेज को ही बेच दिया। आमेर की हवेलियां ललित मोदी, मिनल मोदी को बेच दी। हमारी सरकार ने इन हवेलियों को वापस लिया है। लेकिन जिन्होंने खरीदी थी, उनका आज तक कोई अता पता नहीं है। अधिकारियों को मोदी होटल बुलाकर राजस्थान को बेचते रहे। अब ना जाने कौनसे विजन की बाते कर रहीं हैं।

राजस्थान की छवि खराब कर रही है - चन्द्रभान
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डॉ.चन्द्रभान ने कहा कि वसुन्धरा सुराज की बात कर रही है, लेकिन उनके शासन में कैसा सुराज था, जनता जानती है। फायरिंग, हिंसा और लोगों को मारने का काम करती थी। केवल भ्रष्टाचार के ही आयाम स्थापित किए। अब प्रदेश में जनता के काम हो रहे हैं। लेकिन ये तो प्रदेश को बदनाम करने में लगी है। उसकी छवि खराब कर रही है। सभा में केन्द्रीय मंत्री सचिन पायलट, पुष्कर विधायक व मंत्री नसीम अख्तर ने सरकार की उपलब्धियां गिनाई और भाजपा पर निशाना साधा।
- - -


मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत रविवार को अजमेर जिले के पुष्‍कर में आयोजित कांग्रेस संदेश यात्रा की विशाल जनसभा को सम्बोधित करते हुए।



मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत पुष्‍कर में आयोजित कांग्रेस संदेश यात्रा की विशाल जनसभा को सम्बोधित करते हुए एवं जनसभा में उपस्थित जनसमूह



No comments:

Post a Comment