Saturday, June 1, 2013

बजट घोषणा लागू करना हमारा धर्म - गहलोत

v   रेवडियां किसने बांटी, ईमान किसने बेचा जनता जानती है, भाजपा  शासन लूट मार का काला अध्याय था
v   एक भी  घोषणा बाद में की है तो बताएं, जनता वसुन्धरा से पूछे इन्होंने प्रदेश के लिए क्या किया
v   वसुन्धरा की यात्रा केवल गलत सूचना देना और लोगों को गुमराह करने का अभियान
v   भाजपा  व वसुन्धरा के झूठे आरोपों का भी  दिया जवाब

सांगानेर, चाकसू, निवाई, 31 मई। मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने कहा है कि सरकार बजट में जो भी  घोषणाएं करती है उन्हें लागू करना उसका धर्म होता है। हमने हमारी सरकार में बजट की घोषणाओं को ही लागू किया है। जनता के काम उन्हें रेवडियां लग रहे हैं, जिसकी में निंदा करता हूं, चुनाव में कोई घोषणा की हो तो बताएं। भाजपा और वसुन्धरा पर प्रहार करते हुए कहा कि प्रदेश में किसने रेवडियां बांटी और किसने अपना ईमान  बेचा, जनता अच्छी तरह जानती है। भाजपा शासन लूट मार का काला अध्याय था।
मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने कांग्रेस संदेश यात्रा के नवें चरण की शुरूआत शुक्रवार को सांगानेर से की। उन्होंने सांगानेर, चाकसू और निवाई में विशाल जनसभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि हमने बजट के दौरान जो भी  बजटीय घोषणाएं की, उन्हें ही लागू कर रहे हैं। कोई नई घोषणा कर दें, तो आरोप लगाएं, वह उनका धर्म भी है। हम विपक्ष की बात का मान सम्मान भी करेंगे। पेंशन योजना हमने बजट में ही दी। इसके अलावा सामाजिक सुरक्षा की सभी योजनाएं बजट में ही बनाई। तब भी यह झूठ बोलकर जनता को भरमाते रहे कि ये योजनाएं लागू होने वाली नहीं है, लेकिन बजट की सब घोषणाओं को लागू करना सरकार की नैतिक जिम्मेदारी होती है। यह सरकार का धर्म होता है कि वे बजटीय घोषणाओं को लागू करें। इन सब योजनाओं को हमने लागू किया। जनता से जो भी  वायदे किए वो निभा  रहे है, उन पर पूरा काम कर रहे हैं। मैं जनता को इनकी चालाकी और षडयंत्र से आगाह करना चाहता हूं कि ये अब इन्हें चुनावी घोषणाएं बता रहे हैं। बुजुर्गों, विधवाओं, निशक्तजनों के लिए बजट की पेंशन योजना लागू कर दी तो कह रहे हैं कि ये रेवडियां बांट रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे कह रही है कि रेवडियां बांट रहे हैं, लेकिन आप अपना ईमान  मत बेच देना। बुजुर्गों, निशक्तजनों और विधवाओं को पेंशन की घोषणा चुनावी नहीं है। बजटीय घोषणा है। इस तरह से बोलना बुजुर्गों, निशक्तजनों, विधवाओं का अपमान है। मैं इसकी घोर निंदा करता हूं। ये बुजुर्गों, निशक्तजनों और विधवाओं पर शक कर रहे हैं। आपको शक कैसा हुआ, मैं पूछना चाहता हूं। पेंशन देना क्या रेवडियां है। ये बुजुर्गों, निशक्तजनों, विधवाओं के ईमान पर शक कर रहे हैं। जनता सब जानती है, जब इनकी सरकार थी तो किसने किसको रेवडियां बांटी और किसने अपना ईमान  बेच दिया था। जनता इसका चुनावों में इन्हें जवाब देगी। इनके कुशासन को जनता भोग चुकी है। लूट मार का काला अध्याय था इनका शासन। संवेदनहीन सरकार थी। जयपुर में गंदा पानी आया तो उसे गंभीरता से लेने की जगह इनकी सरकार में जलदाय मंत्री ने गंदे पानी से जनता को निजाद दिलाने की जगह मीडिया से गंदे पानी से लोग बीमार हो रहे हैं, पूछा तो कहा कि जो आएगा वो जाएगा। अब ये फिर से जनता में आकर झूठे वायदे करते घूम रहे हैं। जनता को इनसे पूछना चाहिए कि अपने राज में क्या किया। गलत कानून पास करवा दिया और गुर्जरों के आरक्षण को कोर्ट में स्टे करवा दिया।

भाजपा व वसुन्धरा के झूठे आरोपों का दिया करारा जवाब ः
श्री गहलोत ने भाजपा और वसुन्धरा राजे के लगाए जा रहे झूठे आरोपों का भी करारा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि हमने अब तक डेढ लाख नौकरियां दी है। इनके पूरे पांच साल में डेढ लाख नौकरियां नहीं मिली होगी। अब हम और 1 लाख 65 हजार नौकरियां देने जा रहे हैं। ये दस लाख नौकरियों की बात जनता में कह रहे थे, जबकि प्रदेश में कुल कर्मचारी ही साढे छह लाख है, इन्होंने दस लाख नौकरियां कहां दे दी। अब सोचा झूठ की पोल खुल गई है तो कह रहे हैं कि सरकारी और निजी क्षेत्र की नौकरियां मिलाकर दस लाख नौकरियां दी।
जनता के कामों को आसानी से प्रशासन उन तक पहुंचकर करे इसलिए हमने प्रशासन गांवों और शहरों के संग अभियान चलाया। अभियान में लाखों लोगों को पट्टे दिए, अटके सभी  काम हुए। इसमें कहां भ्रष्टाचार हो गया। वे कह रहे हैं कि इसमें भ्रष्टाचार हो रहा है। मैं पूछना चाहता हूं कि इसमें कहां भ्रष्टाचार हो गया। पिछले अभियान  में हमनें 95 हजार 770 पट्टे दिए तो केन्द्र सरकार ने गरीबों के इंदिरा आवास बनाने के लिए प्रदेश को 400 करोड रुपए ज्यादा गरीबों के आवास बनाने के लिए दिए।
पानी को लेकर झूठे आरोप लगा रहे हैं, जबकि भरतपुर, बाडमेर, नागौर, बीसलपुर प्रोजेक्ट सहित अन्य बडी पेयजल योजनाओं के काम तो हमारी सरकार ने ही पूरे किए।
विकास दर और पर कैपिटा इनकम में राजस्थान टॉप प्रदेशों में रहा है। विकास दर के आंकडें आने में एक-दो साल लगते हैं, अभी  जो 2010-11 के आंकडे आए हैं, उसमें राजस्थान की विकास दर 15.35 है। इसमें राजस्थान नंबर वन पर है। हमारा वित्तीय प्रबन्धन शानदार रहा। प्रदेश सरकार ने चालीस हजार करोड का बजट दिया। हर वर्ग को, क्षेत्र को राहत दी। पवन से 2500 मेगावाट और सौर ऊर्जा से अब तक 450 मेगावाट बिजली बना चुके हैं। कितनी और बिजली बनेगी, इसका अंदाजा भी लगाया जा सकता है। इनकी बातों में कहीं कोई दम नहीं है। प्रदेश में शिक्षा के स्तर की बात करते हैं, प्रदेश में हाल ही में बीस आईएएस अधिकारी चयनित हुए हैं, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है। बच्चों को शिक्षा में प्रोत्साहित करने के लिए 1 लाख 11 हजार लैपटॉप दे रहे हैं। साढे तीन लाख बच्चों को पीसी-टेबलेट कम्प्यूटर खरीदने के लिए 6-6 हजार के चैक दे  रहे हैं। शिक्षा के हर क्षेत्र में काम कर रहे हैं। इस मुद्दे पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डॉ. चन्द्रभान ने कहा कि प्रदेश में आईआईआईटी, आईआईटी, केन्द्रीय विश्वविद्यालय, एम्स जैसे उच्च शैक्षणिक संस्थान आ गए। गुजरात जिसकी यह तारीफ करते हैं वहां केवल दो अभ्यर्थी आईएएस बने हैं। सरकार ने इतने काम कर दिए कि इनके पास बोलने को बचा ही नहीं। केवल जुमले बोल बोल कर काम चलाते हैं।

रिफाइनरी की इन्होंने परवाह नहीं की ः गहलोत
मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने कहा कि भाजपा की सरकार थी तो इन्होंने रिफाइनरी की परवाह नहीं की। प्रदेश में रिफाइनरी देरी से आई। इसके लिए कौन जिम्मेदार है। पहले आ जाती तो प्रदेश को कितना फायदा होता। इनकी लापरवाही की वजह से प्रदेश में ये रिफाइनरी नहीं लगवा सके। इसका दोष ये किसे देंगे। हमारी सरकार रिफाइनरी लेकर आई  जो प्रदेश में इंदिरा गांधी नहर परियोजना के बाद प्रदेश में अब तक का सबसे बडा निवेश है। सवा लाख लोगों को रोजगार मिलेगा, केवल रिफाइनरी से।  वसुन्धरा की यात्रा केवल जनता को गलत सूचना देने, भरमाने का अभियान मात्र है।

ये दागियों को बचाते हैं ः चन्द्रभान
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डॉ. चन्द्रभान ने कहा कि भाजपा के प्रदेश के दो नेता राजेन्द्र राठौड और गुलाब चंद कटारिया दोनों फर्जी एनकाउन्टर में आरोपी हैं। दोनों जमानत पर है। मामला न्यायलय में है। लेकिन न्यायालय पर विश्वास नहीं है। बंद कराके और प्रदर्शन कर दबाव बनाने की कोशिश करते हैं। दागियों को इनकी नेता वसुन्धरा राजे संरक्षण देती है। हमारे नेताओं का कहीं भी नाम आता है तो हम उन्हें पार्टी से निकालते हैं। झूठ और अफवाह फैलाकर केवल सत्ता में आना चाहते हैं। लेकिन जनता को इस तरह के दोहरे चरित्र के लोगों से सावधान रहने की जरुरत है। इनकी कोई सोच, नीति, कार्यक्रम नहीं है। इनकी नेता वसुन्धरा यात्रा में घूम रही है, लेकिन पार्टी की सोच, नीति और जनता के लिए क्या सोच है, यह नहीं बता रही है। केवल कांग्रेस का विरोध कर रही है। उनकी यात्रा केवल कांग्रेस की विरोधी यात्रा है। विरोध पर ही जनता में जीवित रहना चाहते हैं।
- - -

No comments:

Post a Comment